Tuesday, 20 January 2015

छप्पर फाड़ कर मत देना भगवन


छप्पर फाड़ कर मत देना भगवन ,
बरसात में हम कहाँ रहेंगे ।

खिड़कियाँ जब पट रहित हैं  
दरवाजे जब ताला रहित हैं
नो इंट्री का भी न कोई बोर्ड लगाया
बेरोक –टोक चलकर आना भगवन ,
बाट जोहते हम खड़े निराधार मिलेंगे ।

ईंट पत्थर जोड़कर यह दीवार बनाया
तिनका – तिनका बटोरकर यह छत बनाया
घास – फूस की चटिया बिछाकर
दिन रात तुम्हारा ही गुण गाया
इस छत पर नाहक क्या हाथ आजमाना भगवन ,
जब आत्म – समर्पित हम खुद ही तैयार मिलेंगे ।

घास गिरेंगे , कंकड़ पड़ेंगे
सिर फटेंगे , रक्त बहेंगे
हम हाहाकार चीत्कार करेंगे
छत पर क्यों हथौड़ा चलाना भगवन ,
जब स्वागत में हम खुद ही साकार रहेंगे ।

निर्मल मन है ओठों पर तू ही विट्ठल है
जल है पुष्प है तुलसी दल है
यहाँ न कोई शबरी का जूठा फल है
तो क्यों तोड़ –फाड़ कर देना भगवन ,
जब ग्रहण कराने हम खुद ही साभार रहेंगे ।

हमारे हृदय में पैठकर
गले से लगा कर 
सिर पर हाथ फेरकर देना भगवन ,
अश्रुपूरित नयनों से हम सब स्वीकार करेंगे ।
छप्पर फाड़ कर मत देना भगवन ,
बरसात में हम कहाँ रहेंगे ।


अमर नाथ ठाकुर , 18 जनवरी , 2015 , कोलकाता ।   

बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय?

बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय? बिहार में वर्षों से शराबबंदी लागू है। इस निर्णय के कारण बिहार सरकार को शराब उद्योग...