Sunday, 25 December 2016

मज़ा आएगा नये साल में



देश में सर्दी है , शीत लहरी है ।
सब काँपते हैं ,  थरथराते हैं ।
चलो मौसम की इस मार से टकराते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

 सर्वत्र अव्यवस्था है, भ्रष्टाचार है
सब भोगते हैं , कराहते हैं ।
चलो इस कदाचार से लड़ते हैं , इसे मिटाते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

शहर - शहर में कचड़ों का अम्बार है
सब देखते हैं और नाक-भौं सिकुड़ते हैं ।
चलो झाड़ू चलाते हैं , फावड़े से इसे खोद फेंकते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

वातावरण में धूआँ है, बदबू है ।
लोग रोज सूँघते हैं , बीमार पड़ते हैं ।
चलो  परिष्कार करते हैं, इसका उद्धार करते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

कौन हैं जो काले को सफ़ेद करते हैं ?
लोग क्यों ऐसे  लूटे जाते हैं ?
चलो पर्दाफ़ाश करते हैं , इनका बहिष्कार करते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

हिन्दू लड़ते हैं , मुस्लिम झगड़ते हैं , कहीं ईसाई आग लगाते हैं ।
रक्त बह रहा है , हिन्दुस्तान कराह रहा है ।
चलो सद्भावना का सन्देश फैलाते हैं , भाई-भाई का द्वेष मिटाते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

नेताओं के  मन में नफ़रत के बीज हैं
सबको  मालूम है , वो ही  इसे अँकुराते हैं ।
चलो इनके अरमानों को ध्वस्त करते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

कहीं चोरी है , कहीं रिश्वतखोरी है
कहीं आतंक है , कहीं सीनाजोरी है
कहीं अपहरण है , कहीं नशाखोरी है ।
हर जगह जनता की बेवशी है ,जनता की लाचारी है ।
चलो इसे उखाड़ फेंकते हैं , अव्यवस्था का तार-तार करते हैं ।
मज़ा आएगा नये साल में ।

नये साल का यही सब  संकल्प हो
और हमें न कोई विकल्प हो ।
चलो सपने अब सजाते हैं
राग वीर रस का गाते हैं ।
भ्रष्ट काल से दो-दो हाथ करते हैं
इस धर्म-युद्ध में अब ताल ठोंकते है ।
जो अब टकराएगा
गर्दिश में मिल जाएगा ।

बहुत मज़ा आएगा नये साल में  ।


अमर नाथ ठाकुर , 25 दिसम्बर , 2016 , मेरठ ।








बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय?

बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय? बिहार में वर्षों से शराबबंदी लागू है। इस निर्णय के कारण बिहार सरकार को शराब उद्योग...