Sunday, 17 May 2015

जी लेना ही नहीं जीवन है



जी लेना ही नहीं  जीवन है
मर जाना ही नहीं मरण ।
जन्मना ही नहीं शुरूआत है
न प्राण – पखेरू उड़ जाना अंत ।

जन्म-मरण तो सिलसिला है
जैसे रथ-चक्र का अनन्त घूर्णन ।
सुख-दुःख की तीलियों पर आधारित
यह जीवन-यात्रा का मायावी नर्त्तन ।

अहंकार  त्याग  दीनों के संग रमना होगा
अपाहिजों के संग करना होगा कीर्त्तन । 
कदम मिला लंगड़ों के संग चलना होगा
भिखारियों के संग करना होगा भोजन ।

दया प्रेम  करूणा को अपनाना होगा
लालच ईर्ष्या-द्वेष स्वार्थ का निष्कासन । 
बीमारों और बूढ़ों की सेवा करनी होगी
उनकी पद-धूलि से करना होगा चन्दन ।
अनाथों की सेवा में लगना होगा  
तन-मन-धन कर देना होगा अर्पण ।

पर-दुःख पर जब चक्षु से अश्रु बहेंगे
और जब  हृदय करेगा कातर क्रंदन ,
तब श्री कृष्ण का मधुर संग मिलेगा
मोक्ष मिलेगा , सफल होगा जीवन ।


अमर नाथ ठाकुर , 17 मई , 2015 , कोलकाता । 

2 comments:

बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय?

बिहार की शराबबंदी: एक संकट/ भ्रष्टाचार का एक नया अध्याय? बिहार में वर्षों से शराबबंदी लागू है। इस निर्णय के कारण बिहार सरकार को शराब उद्योग...