Search This Blog

Tuesday, 20 September 2016

मैं सनातनी हिन्दू हूँ

मैं सनातनी हिन्दू हूँ ।

मैं अद्वैतवादी , द्वैतवादी या विशिष्टाद्वैतवादी में से कुछ भी हो सकता हूँ । इसके लिये मेरे ऊपर कोई भी बन्दिश नहीं है ।

मैं शैव हो सकता हूँ , शाक्त या वैष्णव । मैं कबीर पंथी , नानक पंथी इत्यादि में से कुछ भी हो सकता हूँ । मैं मूर्त्ति पूजक हो सकता हूँ या नहीं भी । मैं मन्दिर पूजा के लिये जा सकता हूँ  या नहीं भी ।  मैं नाना प्रकार के पेड़ों , पक्षियों , जानवरों , नदियों , पहाड़ों की पूजा कर सकता हूँ  या नहीं भी । मैं  व्रत रख सकता हूँ या नहीं भी । मैं मन्त्रों का जाप कर सकता हूँ , नहीं भी ।

मैं शाकाहारी हो सकता हूँ या माँसाहारी भी । मैं नाना प्रकार के जानवरों का माँस खा सकता हूँ  ।  मैं नाना प्रकार की मछलियाँ भी खा सकता हूँ । मुझे समाज वालों ने या धर्म के ठेकेदारों ने समाज या धर्म से निष्कासित या बहिष्कृत नहीं किया या इसकी कोई धमकी भी नहीं  दी ।

मैं मन्दिर जा सकता हूँ , मज़ार , मस्ज़िद , गुरुद्वारे में या चर्च में जाकर ईश्वर की वन्दना कर सकता हूँ । मुझे माथे पर रुमाल या जाली दार टोपी लगाने में ज़रा भी हिचक नहीं होती । मैं धोती या लूँगी या पतलून बेहिचक धारण कर लेता हूँ । इन धार्मिक स्थलों में , इन अजीबोगरीब पोशाकों में मुझे ईश्वर के प्रति निष्ठा या श्रद्धा दर्शाने में कोई संकोच नहीं हुआ । मेरा धर्म कभी इसमें बाधक नहीं हुआ । मुझे सिख , जैन , बौद्ध , मुस्लिम , पारसी , यहूदी या ईसाई धर्मावलंबियों से कोई परहेज़ नहीं । इन सबों से हमारी सनातनी परम्परा ने कभी घृणा या द्वेष नहीं सिखाया । मैं रामकृष्ण , साईं बाबा को सामान दृष्टि से पूजता हूँ  । मैं कई चर्च में जाकर क्राइस्ट के सामने सर नवा कर आया हूँ । मैं अपनी अनेक दिनों की इच्छा पूर्ति के लिये अजमेर शरीफ भी शीघ्र जाना चाहता हूँ । हमारी परम्परा , हमारा धर्म , हमारी संस्कृति हमें ऐसा करने को हमें प्रेरित करते हैं ।

हमारा धर्म घृणा या हिंसा का कभी महिमा - मण्डन नहीं करता । जाति - प्रथा या स्त्रियों के सम्बन्ध में आपत्ति जनक बातों के उल्लेख वाले धार्मिक ग्रंथों के हिस्सों को सनातनी हिन्दूओं ने तहे दिल से नकारा है , तिरस्कृत किया है । इन भागों की खुले आम निन्दा होती है । ऐसी निन्दा या आलोचना पर कभी कोई रोक या धमकी का अहसास नहीं हुआ ।

हमारी सीमित जानकारी में हमारे सनातन धर्म में जिहाद , फतवा या काफ़िर जैसे शब्दों का समतुल्य शब्द नहीं । यदि ऐसा हो तो उसे नकारने या त्यागने में कोई भी प्रतिरोध नहीं । जो सबका है वह सनातन धर्म है । जो सबको स्वीकारता है वह सनातन धर्म है । जो आज़ादी देता है , जहाँ बंधन नहीं , भेद-भाव नहीं ,घृणा या द्वेष नहीं जो सिर्फ प्रेम और विश्वास का पाठ फैलाता है वह सनातन धर्म है । हम यह कहना पसंद करते हैं कि जहाँ प्रेम और करुणा , विश्वास , आज़ादी , श्रद्धा और निष्ठा इत्यादि का वास हो वहीं सनातन धर्म है ।


सिर्फ सनातन हिन्दू धर्म ही सार्वभौमिकता की कसौटी पर खरा उतरता दीखता है । सनातन हिन्दू धर्म में दुनियाँ की अन्य सारी धार्मिक मान्यताओं को आत्मसात करने की क्षमता है ।

अमर नाथ ठाकुर , 23 जुलाई , 2016 , कोलकाता ।

Sunday, 24 July 2016

दोस्ती की बुनियाद

मुझे शंका है
मैं आश्वस्त नहीं हूँ
आखिर हमारी दोस्ती की बुनियाद क्या होगी ?
अभी तक आपने अपनी जाति नहीं बतायी -
अगड़ी , पिछड़ी या दलित ?
किस राज्य के हैं  आप -
उत्तर के , दक्षिण के  या हैं  फिर पूर्वोत्तर के ?
किस धर्म के मानने वाले हैं आप ?
मुस्लिम हैं या सिख , जैन या ईसाई
बौद्ध या फिर हैं हिन्दू सनातनी ?
कौन सी भाषा में हम बतियायेंगे-
अंग्रेज़ी , हिंदी ,गुजराती , पंजाबी , मणिपुरी में
या बंगला , तमिल तेलगू अथवा मलयालम में ?
आप शाकाहारी हैं या माँसाहारी ?
आप गो- मांस का भक्षण करते हैं
बकरे का या सूअर के मांस का ?
आप धोती , लूँगी या पतलून पहनते हैं
जालीदार टोपी , पगड़ी , पाग या पटका बाँधते हैं ?
आप आर एस एस की विचार धारा से प्रभावित हैं
या आई एस आई एस की निन्दा से घबराते हैं ?
आप मोदी भक्त हैं या केज़रीवाल के अनुचर
या हैं कट्टर काँग्रेसी या और कोई दल - बदलू सच्चर ?
क्या ये ही होंगी हमारी दोस्ती की बुनियाद ?

क्या होगी हमारी दोस्ती की बुनियाद !

 भाई एक हमारा देश है और एक हमारी राष्ट्रीयता ,
क्यों न एक हमारी सोच हो क्योंकि एक जैसी हमारी विवशता ।
जब हम सब पीड़ित हैं आतंकवाद से
भ्रष्टाचार  और भाई - भतीजावाद से
गरीबी , बीमारी और अशिक्षा के अवसाद से ;
शंका मिटा दें समान दुश्मनी की बुनियाद पर
 और दोस्त बन जायें इस इक फ़रियाद पर ।


अमर नाथ ठाकुर , 21 जुलाई , 2016 , कोलकाता ।

Tuesday, 31 May 2016

खड़-खड़ ट्राम चले

खड़-खड़ खड़-खड़ ट्राम चले ।

नहीं कोई धुआँ नहीं कोई कूड़ा छोड़ती
ठन-ठन ठन-ठन की घंटी से रास्ता बनाती
यातायात के नियमों का भी पालन करती
मोड़-मोड़ पर , बत्ती-बत्ती पर जब यह रुकती
लोग उतरे और लोग चढ़े ।

खिदिरपुर से जब खुलती
मोमिनपुर को जोड़ती
अलीपुर से भी गुजरती
कालीघाट दिखाती बढ़ती
पर ममता के घर को छोड़ चले ।

बेहाला अब नहीं जाती
हावड़ा भी अब नहीं दिखाती
बड़ा बाजार से अब दूर ही रहती
एस्प्लेनेड का किन्तु चक्कर अब भी मारती
कहीं भी जाओ पांच-छह-सात के बदले ।

बाजार में भी जब बंदी होती
दुकानें भी जब नहीं खुलती
सडकों पर बसें भी नहीं चलती
कलकत्ते की शान ट्राम तब भी चले ।

खड़-खड़ खड़-खड़ ट्राम चले ।

अमर नाथ ठाकुर , 31 मई , 2016 , कोलकाता ।

Sunday, 29 May 2016

भीड़ में सब तत्क्षण है



ये भीड़ थमती नहीं
क्योंकि ये भीड़ थकती नहीं ।

ये भीड़ कमती भी नहीं
इसमें किसी की चलती नहीं ।

 यहाँ न कोई भ्रम है
चाहे न कोई क्रम है ।

जहाँ हर कोई बोलेगा
जहाँ न कोई सुनेगा ।

लोग नहीं यहाँ बिछुड़ते हैं
क्योंकि यहाँ तो लोग जुड़ते हैं ।

यहाँ लोग अनजान मिलेंगे
लोग पहचान के भी मिलेंगे ।

 यहाँ नहीं कोई खून-खराबा होता
तो भी यहाँ शोर-शराबा होता ।
यहाँ होता है कुतूहल पूर्ण कोलाहल
और उत्तेजना पूर्ण बरबस हलचल ।

यहाँ भीड़ में जेब कतरे होते हैं
इसमें लोग साफ़ सुथरे भी होते हैं ।

भीड़ में कौन किसकी सुनता है
जब कोई खुद की नहीं गुनता है ।

यहाँ लोग बहकते हैं
किन्तु लोग नहीं दहकते हैं ।

यहाँ भीड़ भी सहमती है
क्योंकि भीड़ में सहमति है ।

लोग जब साथ में होते हैं
लोग तब ठाट में रहते हैं ।

यहाँ की भीड़ मुझे हमेशा  भाती है
नहीं यहाँ कोई भेद-भाव सताती है ।

यहाँ न जान का खतरा होता है
क्योंकि यहाँ न मान का बखरा होता है ।

लोग यहाँ भीड़ में नहीं झगड़ते
क्योंकि यहाँ बातों पर नहीं भड़कते ।

भीड़ की  नहीं कोई जाति है
भीड़ का नहीं कोई धर्म ।
क्षण कुछ भीड़ में बिताओ
जान लोगे  भीड़ का मर्म ।

भीड़ में सब तत्क्षण है
इसलिये नहीं कोई आरक्षण है ।

क्या गाऊं यहाँ के भीड़ की महिमा
क्या दूँ यहाँ की भीड़ को उपमा ।

(हावड़ा और सियालदह स्टेशन की भीड़ से प्रेरणा पाकर)

अमर नाथ ठाकुर , 7 नवम्बर  , 2015 , कोलकाता ।





Friday, 27 May 2016

दो खूँटियाँ


             --1--

मेरे कमरे की दीवार पर गड़ी है दो खूँटियाँ
बरबस ध्यान जाता है इन पर
उखाड़ फेंकने के ख्याल से इन पर पत्थर चलाया
फिर हथौड़ा चलाया
कुछ हिला पर उखड़ा नहीं
उखाड़ सकता हूँ पर प्लास्टर का एक हिस्सा निकल आएगा
और दीवार बदरंग दीखने लगेगा ।
चाहे कुर्सी पर बैठे हुए में
या बेड पर सोते समय हर-हमेशा यह ध्यान खींचता है
मेरे दिमाग की किरकिरी बन गयी ये दो खूँटियाँ ।
एक ख्याल आया --
एक में मैंने गणेश जी की प्रतिमा
और एक में घड़ी लटका दिया ।
एक के सामने सिर झुका कर खड़ा होता हूँ ,
और दूसरे के सामने सिर उठा कर देखता हूँ ।
इन दो खूँटियों ने मुझे बताया
सिर झुकाने से सिर उठाने के बीच का दर्शन ।

                          --2--

ऑफिस में भी समय की दो खूँटियाँ हैं
दश बजे पहुँचने के लिये और साढ़े पाँच तक रुकने के लिये ।
सभी कर्मचारी और अधिकारी गण इन दो खूँटियों से परेशान रहते हैं ।
अक्सर दश बजे के पास ऑफिस पहुँच जाता हूँ
उस समय करीब- करीब अकेला ही होता हूँ
कमरा खोलता हूँ , रोशनी के लिए बल्ब जलाता हूँ
ए सी ऑन करता हूँ
टेबुल पर से फाइलों को सरकाकर
लैप टॉप रखने का जगह बनाता हूँ ।
सफाई वाले का इंतज़ार किये बिना फाइलों में डूब जाता हूँ ।
घंटे भर बाद गहमा- गहमी शुरू हो जाती है
ऑफिस लोगों से भर जाता है
गप्पों और फोन कॉल की आवाज से एक खुशनुमा माहौल बनता है ।
ऑफिस टाइम खत्म होने के घंटा भर  पहले
 यह गहमा- गहमी खत्म - सी हो जाती है ।
साढ़े पाँच की खूंटी के पहले मैं अटका रहता हूँ
साढ़े पाँच बजे जब निकलता हूँ हॉल लगभग सुनसान - सा हो जाता है
इक्का-दुक्का कर्मचारी कोई अपना बैग बाँध रहा होता है
कोई अपने फाइल समेट रहा होता है ।
मैं ऑफिस की एक -सी स्थिति देखता हूँ
जैसा आते समय वैसा ही जाते समय ।
कर्मचारी गण इन खूँटियों के बीच ही रहते हैं--
पहली खूँटी के बाद आना और दूसरी खूँटी के पहले चला जाना ।
मैं भी इन खूँटियों को मानता हूँ --
पहली खूँटी पर आना और दूसरी पर जाना ।
ऑफिस का जीवन
इन दो खूँटियों के बीच का दर्शन ।


                      --3--

हर किसी के जीवन में दो खूँटियाँ होती हैं
हर किसी का जीवन इन्हीं दो खूँटियों के बीच उपलाता रहता है
एक खूँटी से दूसरी खूँटी तक ।
किसी को ये खूँटियाँ चुभती हैं
किसी को नहीं चुभती है ।
इन खूँटियों के पहले या
 इन खूँटियों के बाद का कोई मतलब नहीं होता ।
जन्म - मरण रूपी दो खूँटियाँ ।
जन्म के बाद से मरण के पहले तक ।
सुख और दुःख की दो खूँटियाँ
दिन और रात की दो खूँटियाँ
सूर्योदय और  सूर्यास्त की दो खूँटियाँ
धरती और आकाश की दो खूँटियाँ
होने और नहीं होने की खूँटियाँ ।
शुरू और अन्त की खूँटियाँ ।
सब कुछ इन्हीं दो खूँटियों के बीच समायी होती है ।
यही है इन दो खूँटियों का दर्शन ।


अमर नाथ ठाकुर , 26 मई , 2016 , कोलकाता ।








Monday, 23 May 2016

रोज होली है



कभी रोकर , कभी रुलाकर
कभी हँस कर , कभी हँसा कर
कभी तोड़ कर कभी जोड़ कर
रंग-बिरंगी बोल कर टरकाना


कभी रंग-बिरंगी बातें
कभी रंग - बिरंगी करामातें
फिर कभी रंग-बिरंगी कातिलाना फँसाना

कभी सच बोलकर
कभी झूठ बोलकर
कभी निभाना फिर कभी बरगलाना

कभी रंग-बिरंगी पोशाक में
कभी रंग-बिरंगी मुखाकृति में
कभी रंग-बिरंगी चाल चलना
फिर कभी दौड़ना फिर कभी रुक जाना

कभी साथ चलकर
कभी दूर-दूर हंट कर
कभी पुचकारना कभी दुत्कारना
कभी अपनाना फिर कभी छोड़ जाना

कभी रोग देना कभी दवा देना
कभी सजा देना कभी बिखरा देना
दिन होना फिर कभी रंग-बिरंगी रात हो जाना

कभी क्रमबद्ध कभी असम्बद्ध होना
कभी प्रतिबद्ध कभी पथ भ्रष्ट होना
कभी रंग का बदरंग होना
कभी बिना रंग का सब रंग होना

इस रंग-बिरंगी दुनियाँ में
लोगों की रंग-बिरंगी जिन्दगी
यहाँ तो रोज होली है
रंगों में सराबोर लोगों की बानगी ।


अमर नाथ ठाकुर , 14 मई , 2016 , कोलकाता ।

Friday, 25 March 2016

लघु कविताएँ



1॰ प्रजातंत्र

अपना बाज़ार
अपनी दुकान ,
अपने ग्राहक
फिर भी नुकसान !

2. जातिवाद 

अपना कुनबा  
अपनी जाति ,  
अपनी ही संतति
फिर भी नहीं सदगति !

3॰ परिवारवाद / क्षेत्रवाद
  
अपना क्षेत्र
अपनी पार्टी
अपनी सरकार
अन्य की क्या सरोकार ।

4. माल्या और बैंक

अपनी टीमें
अपने कप्तान
अपने सब खिलाड़ी ,
तो फिर किसका गोल
और किसकी बाज़ी ?

5॰ कन्हैया की आज़ादी

न जाति  अर्जित
न गरीबी उपार्जित
तो क्यों बोले उत्पीड़न पोषित ?
न अपनी धरती
न अपना आकाश  
न अपना कोई जहान
फिर भी उन्मुक्त उड़ान ।

6॰ राहुल गांधी

खुद ही डॉक्टर
खुद ही बीमार
किसकी दवाई
से हो अब उपचार ?

7. अराजकता

अपना कोर्ट
अपने जज से भरा ,
तिस पर अपने वकील की बहस
तो फिर किस बात की सज़ा ?

8. लालू की सरकार

अपनी गाड़ी
अपना ड्राइवर
अपने यात्री
न अन्य  किसी को चढ़ाना
न किसी को उतारना
गाड़ी चले न चले
अपना पेट पले ।


 अमर नाथ ठाकुर , मार्च 2016 , कोलकाता । 

धर्म, विचार और सभ्यताओं का भविष्य

 धर्म, विचार और सभ्यताओं का भविष्य मनुष्य जैसा सोचता है, वैसा ही उसका समाज बनता है। उसके विचार शून्य में जन्म नहीं लेते; वे उसके धर्म, दर्शन...